सक्ती. कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग एवं अन्य संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठाए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. सक्ती में आयोजित प्रेस वार्ता में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला प्रभारी एवं जनपद अध्यक्ष कवि शरण वर्मा ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा करना कांग्रेस की राजनीतिक हताशा और जनादेश को स्वीकार नहीं कर पाने की मानसिकता को दर्शाता है. उन्होंने ने आगे कहा कि कांग्रेस जब चुनाव जीतती है तो चुनाव प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाएं उसे निष्पक्ष नजर आती हैं, लेकिन जब जनता कांग्रेस को नकार देती है तो वहीं संस्थाएं उसके निशाने पर आ जाती हैं. यह दोहरा रवैया लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है.








उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण संवैधानिक अंग है. चुनाव प्रक्रिया को लेकर यदि किसी राजनीतिक दल को कोई आपत्ति है तो उसके लिए संवैधानिक और कानूनी रास्ते उपलब्ध हैं, लेकिन बिना ठोस तथ्य के लगातार आरोप लगाकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को प्रभावित करता है.
कवि शरण वर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता के बीच अपना जनाधार मजबूत करने के बजाय कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता अब तथ्यों को समझती है और केवल राजनीतिक आरोपों से उसे गुमराह नहीं किया जा सकता.
उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान, लोकतंत्र और देश की संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है. कांग्रेस को भी अपनी राजनीतिक असहमति को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के भीतर व्यक्त करना चाहिए.
प्रेस वार्ता में जिला पंचायत सभापति आयुष शर्मा, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी धनंजय नामदेव, जिला सह मीडिया प्रभारी, बाराद्वार मंडल अध्यक्ष गेंदराम मनहर, मंडल अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, भोजराम साहू सहित भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे.



